लिंक शॉर्टनर एक ऐसी विधि है जिसमें आपकी मूल लिंक (URL) को एक नयी लिंक से प्रतिस्थापित (Replace) करके उसे सरल एवं संक्षेप URL प्रदान किया जाता है।


लिंक्स का समूह ही इंटरनेट कहलाता है। इंटरनेट पर छोटी, बड़ी बहुत सारी लिंक्स होती हैं। जो लिंक छोटी होती हैं उनको तो हम आसानी से याद रख सकते हैं, या कहीं पर टाइप करके शेयर कर सकते हैं लेकिन जो लिंक बड़ी—बड़ी होती हैं या याद रखने योग्य नहीं होती हैं उनको सरलता से एक्सेस करने के लिए और लिंक्स को छोटा बनाने के लिए लिंक शॉर्टनर सेवाओं का प्रयोग किया जाता है।

क्या होता है लिंक शॉर्टनर ?
लिंक शॉर्टनर एक ऐसी प्रोग्रामिंग होती है जो आपकी प्रदान की गई URL को अपने किसी URL से बदलकर उसे लघु रूप प्रदान करती है। खास बात यह है ​कि इसमें आपकी मूल लिंक का URL छिपा दिया जाता है जबकि उसका लक्ष्य यानि सोर्स वही रहता है।

यह लेख मात्र लिंक शॉर्टनर के बारे में जानकारी देने के लिए है। इस लेख में किसी​ लिंक शॉर्टनर का विज्ञापन, समर्थन या विरोध नहीं किया गया है।

लिंक शॉर्ट करने के लिए इंटरनेट पर बहुत से लिंक शॉर्टनर उपलब्ध हैं। चूॅंकि लिंक को URL भी कहते हैं इसलिए इन्हें URL शॉर्टनर भी कहा जाता है। कुछ URL हैं — Bitly, Tiny URL, BitDo आदि।

URL Shortener कैसे काम करता है ?
URL Shortener आपकी प्रदान की गई लिंक को अपने सर्वर की लिंक से प्रतिस्थापित करता है और एक नया लघु URL आपको प्रदान करता है। जब कोई उस लघु URL पर क्लिक करता है तो उस Shortener का सर्वर उसे स्वत: ही मूल URL पर रीडायरेक्ट कर देता है।

उदाहरण के तौर पर Bitly लिंक शॉर्टनर द्वारा मेरे यूट्यूब चैनल के लिंक https://www.youtube.com/pradyumnaplus को शॉर्ट करके नया Short Link - bit.ly/plusindia बनाया है.  जब भी कोई व्यक्ति इस लिंक पर क्लिक करेगा, वह स्वत: ही मेरे चैनल पर चला जाएगा।

लिंक शॉर्टनर का क्या फायदा है ?
लिंक शॉर्टनर का सबसे अहम फायदा यही है कि यह लंबे लिंक्स को छोटा कर देता है जिससे हमें याद रखने और उनको टाइप करके शेयर करने में आसानी होती है। इसके अलावा, जहां पर आप मूल लिंक छिपाना चाहतें हों वहॉं पर भी इसका प्रयोग कर सकते हैं।

इसका सबसे अधिक प्रयोग वहॉं पर होता है जहॉं पर आपको सीमित अक्षरों के साथ पोस्ट बनाना हो, जैसे ट्विटर! वहॉं पर अक्सर लिंक शॉर्टनर के जरिए शॉर्ट की गई लिंक को ही शेयर किया जाता है क्योंकि ट्विटर पर सीमित अक्षर 140 अक्षर में आपको पोस्ट बनाना होता है। यदि आपकी लिंक के 100 अक्षर हो जाएंगे तो आप पोस्ट में कुछ वर्णन नहीं कर सकेंगे। इसलिए अक्सर ट्विटर पर लिंक शॉर्टनर का प्रयोग होता ही है।

पैसे भी मिलते हैं
कुछ ऐसे लिंक शॉर्टनर भी होते हैं जिनके जरिए आपको पैसे मिलते हैं। परंतु इनमें आपकी लिंक को सीधे रीडायरेक्ट न करते हुए विज्ञापन दिखाए जाते हैं और उन्हीं विज्ञापनों से होने वाली आय का कुछ प्रतिशत कमीशन आपको आमदनी के रूप में प्रदान किया जाता है।

हालॉंकि यह पैसे कमाने का एक अच्छा तरीका हो सकता है लेकिन जो विजिटर्स विज्ञापन से नफरत करते हैं, वे इनसे दूर भागेंगे और हो सकता है ऐसे लिंक शॉर्टनर का उपयोग करने से आपके विजिटर्स कम हो जाएं। इसके अलावा इन पर रोक भी लगाई जाती है। वर्तमान में भारत में adfly प्रतिबंधित है और सोशल मीडिया पर आप Sh.st का प्रयोग नहीं कर सकते हैं।