आपके स्मार्टफोन में भी यह फीचर है परंतु आप उसको उपयोग नहीं करते हैं। एक बार इस फीचर को ट्राइ करके देखिए, टच करके टाइपिंग करना भूल जाएंगे।

आजकल सभी के पास स्मार्टफोन है और वह भी एंड्रायड वाला। लेकिन बहुत कम लोगों को पता होगा कि एंड्रायड गूगल का ही एक प्रोडक्ट है, या कहें कि एंड्रायड ओ.एस. गूगल का ही है। चूॅंकि आज के समय में एंड्रायड ही सबसे अधिक स्मार्टफोन में प्रयोग किया जा रहा है, इसलिए एंड्रायड एप्लीकेशन हर दिन नये—नये लॉंच होते हैं और  स्मार्टफोन यूजर उनको प्रयोग करते हैं।

परंतु हमने कभी भी गूगल की ओर से प्राप्त एप्लीकेशन के बारे में नहीं जाना, जो हमारे फोन के साथ ही हमें मिले होते हैं। आज हम आपको ऐसे ही एक एप्लीकेशन के बारे में बता रहे हैं जो कि गूगल की ओर से आपको फ्री में मिला होता है और जिसे आपने निश्चित ही उपयोग नहीं किया होगा। उसका नाम है — गूगल वॉइस इनपुट।

क्या है गूगल वॉइस इनपुट ?
यह एक एंड्रायड एप्लीकेशन है जो गूगल द्वारा विकसित किया गया है। इसका मुख्य उद्देश्य वॉइस के जरिए टाइपिंग करके यूजर्स को वॉइस टाइपिंग का अनुभव देना है।

क्या होता है वॉइस टाइपिंग ?
टाइपिंग का अर्थ है मोबाइल में या कंप्यूटर में डाटा या कमाण्ड इनपुट करना। सामान्य तौर पर हम फिंगर्स के जरिए कीबोर्ड के माध्यम से डाटा इनपुट करते हैं। वॉइस टाइपिंग ऐसी प्रणाली है जिसमें आपको एक बार वॉइस इनपुट एक्टिवेट करना है और उसके बाद​ सिर्फ बोलना है, सिस्टम स्वत: ही आपकी आवाज को सुनकर टाइप करता जाएगा। वॉइस टाइपिंग में संसार की लगभग सभी भाषाओं को समाहित किया गया है।

कैसे करें वॉइस टाइपिंग ?
जैसा कि पहले बताया जा चुका है कि यह हमारे मोबाइल में पहले से ही इंस्टॉल होता है क्योंकि यह गूगल का एक प्रोग्राम है। बस अपने उपयोग के लिए हमें इसे अपने हिसाब से सेट—अप करना होता है। हमने पहले ही बताया है कि इसमें सभी भाषाओं को समाविष्ट किया गया है और चूॅंकि अंग्रेजी प्रमुख भाषा है इसलिए इसकी डिफॉल्ट भाषा के तौर पर अमेरिकन इंगलिश सेट होती है।

अगर आप हिन्दी भाषी हैं तो इसको अपने हिसाब से सेट कर सकते हैं। इसकी सेटिंग करने के लिए आपको मोबाइल की सेटिंग में जाना है उसके बाद भाषा संबंधी सेटिंग में जाकर, कीबोर्ड में गूगल वॉइस इनपुट का चयन करना है। कीबोर्ड की सेटिंग में आपको लैंग्वेज का विकल्प मिलेगा, वहॉं पर आपको प्राइमरी भाषा के तौर पर पसंदीदा भाषा चुनकर सेव कर देना है।

जब भी आप कुछ टाइप करने जाएंगे आपको कीबोर्ड पर माइक का एक आइकन दिखेगा। तीन सेकेण्ड के लिए उसे दबाएं, इससे आपका वॉइस इनपुट सक्रिय हो जाएगा। अब आप जो भी बोलेंगे वह टाइप होता जाएगा, वह भी आपकी पंसदीदा भाषा में।

सावधानियॉं एवं सुझाव 
यद्यपि गूगल वॉइस इनपुट तमाम भाषाओं में कार्य करता है और इसमें एक साथ कई भाषाओं को सेट किया जा सकता है परंतु खास बात यह है कि जब इसमें एक से अधिक भाषाएं सेट होती हैं तो सिस्टम असमंजस में पड़ जाता है कि किस भाषा में आपकी आवाज को टाइप करे। इसलिए आप वॉइस इनपुट के लिए कोई एक भाषा ही सेट करें। इससे आपको वॉइस टाइपिंग में समस्या नहीं होगी। साथ ही टाइपिंग की शुद्धता लगभग शत् प्रतिशत हो जाएगी।

तकनीकी सहायता 
जो मित्र एडवांस मोबाइल यूजर हैं, उनको गूगल वॉइस प्रयोग करने में कोई समस्या नहीं होगी परंतु जो लोग नये यूजर हैं या मोबाइल में कम जानते हैं उनको इसमें कठिनाई हो सकती है। ऐसे मित्रों की सहायता के लिए हमने एक वीडियो गाइड बनाया है जिसको देखकर आप आसानी से अपने मोबाइल में गूगल वॉइस इनपुट का लाभ ले सकेंगे।


Guide: How to use Google Voice Input